शेरगढ़ में गुलदार ने किसान की भैंसा बुग्गी का रोका रास्ता
तीन दिन से लगातार दिख रहा गुलदार -ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन
भूतपुरी। क्षेत्र के ग्राम शेरगढ़ में गुलदार की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार को खेत से लौट रहे एक किसान की भैंसा बुग्गी के सामने गुलदार आकर खड़ा हो गया। करीब आधे घंटे तक रास्ता रोके खड़े रहने के बाद शोर मचाने पर वह गन्ने के खेत की ओर चला गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए गांव में तत्काल पिंजरा लगाने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार किसान राधे पुत्र मल्लू दोपहर के समय खेत से भैंसा बुग्गी लेकर घर लौट रहे थे। जब वह छत्रपाल सिंह की ट्यूबवेल के पास पहुंचे तो अचानक गुलदार खेत से निकलकर बुग्गी के सामने आ गया। काफी देर तक वह वहीं खड़ा रहा। किसान द्वारा शोर मचाने पर गुलदार गन्ने के खेत में चला गया।
इसके कुछ देर बाद नेतराम पुत्र मोहन सिंह खेत की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में गुलदार दिखाई देने पर उन्हें वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से गांव और खेतों के आसपास लगातार गुलदार दिखाई दे रहा है, जिससे किसानों और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
—-
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार सूचना देने और पिंजरा लगाने की मांग के बावजूद वन विभाग ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते गुलदार को नहीं पकड़ा गया तो किसी बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
—–
धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की व्यवस्था नहीं की गई तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शन में नेतराम सिंह, सुरेश कुमार, राधे सिंह, यूनुस, ऋषिपाल सिंह, सागर श्रीवास्तव, सुनील कुमार, रणबीर सिंह, ज्ञानचंद सिंह, प्रकाश सिंह, सतीश कुमार, रघुवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




