bijnoruttar pradesh

श्रावण शिवरात्रि कांवड़ मेला: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला पंचायत की व्यापक तैयारी

कांवड़ मार्गों पर अस्थायी प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे

बिजनौर। श्रावण शिवरात्रि कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पंचायत ने कांवड़ मार्गों पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रमुख मार्गों पर अस्थायी प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत विकास मिश्रा ने बताया कि नजीबाबाद, कोतवाली, नहटौर, नूरपुर और मोहम्मदपुर देवमल विकास खंडों के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर कई किलोमीटर लंबी अस्थायी प्रकाश व्यवस्था कराई जा रही है। इसमें मोटा महादेव मंदिर, भागूवाला मार्ग, नजीबाबाद बाइपास, जटपुरा, चंदक, मंडावर, रायपुर रोड, बुंदकी-नगीना मार्ग, नहटौर चौराहा और कुंडा-बल्दाना जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि भागूवाला-मोटा महादेव मार्ग, बशीरपुर नहर पुल से संत रविदास मंदिर तक तथा बुंदकी-नगीना मार्ग के विभिन्न स्थानों पर अस्थायी सीसीटीवी आईपी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सके।
अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2025 में भी जिला पंचायत द्वारा कांवड़ मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई थी। इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं का दायरा और बढ़ाया गया है।
जिला पंचायत का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों की नियमित निगरानी भी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button