कांवड़ यात्रा से पहले 193 किमी सड़कें गड्ढामुक्त
पीडब्ल्यूडी ने पूरे किए मरम्मत कार्य
बिजनौर। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) ने जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर व्यापक मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति कार्य पूरा कर लिया है। विभाग का दावा है कि सभी प्रमुख मार्ग अब पूरी तरह आवागमन योग्य हैं और कांवड़ियों की आवाजाही निर्बाध रूप से जारी है।
प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता हेमंत प्रताप सिंह ने बताया कि विभाग के अंतर्गत आने वाले छह प्रमुख कांवड़ मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर पैच मरम्मत और गड्ढामुक्ति का कार्य कराया गया। इनमें तीन राज्य मार्ग और तीन प्रमुख जिला मार्ग शामिल हैं। इन सभी मार्गों की कुल लंबाई 192.88 किलोमीटर है।
उन्होंने बताया कि जिन मार्गों पर कार्य कराया गया उनमें बदायूं-बिजनौर मार्ग, बिजनौर-नूरपुर-छजलैट मार्ग, नहटौर-नूरपुर-अमरोहा-जोया मार्ग, कोतवाली-नहटौर मार्ग, बालावाली-किरतपुर-नहटौर-चांदपुर-फीना मार्ग तथा बिजनौर-नांगल-नजीबाबाद मार्ग प्रमुख हैं। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया गया है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान विभाग की टीमें लगातार इन मार्गों का निरीक्षण कर रही हैं। यदि किसी स्थान पर सड़क क्षतिग्रस्त होने या अन्य समस्या की सूचना मिलती है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि पूरी कांवड़ यात्रा के दौरान सड़कें सुरक्षित और सुगम बनी रहें तथा श्रद्धालु बिना किसी बाधा के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।




