सीएम ग्रिड योजना के तहत अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
जीआरएम स्कूल की दीवार ध्वस्त, दो दिन बंद रहेगा स्कूल

बरेली। सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण के अंतर्गत कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप से कुदेशिया रोड तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए सोमवार को नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। पुलिस बल की मौजूदगी में तीन बुलडोजरों के साथ पहुंची टीम ने पूर्व में लगाए गए लाल निशानों के आधार पर सात से 17 फुट तक के अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान जीआरएम स्कूल (सीनियर) की बाउंड्री वॉल भी ध्वस्त कर दी गई।
स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि बार-बार पैमाइश की रिपोर्ट मांगने के बावजूद स्पष्ट माप उपलब्ध नहीं कराई गई। स्कूल के डायरेक्टर राजेश जौली ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए छुट्टियों में कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया था, लेकिन बिना स्पष्ट पैमाइश रिपोर्ट के दीवार तोड़ दी गई। सुरक्षा कारणों से स्कूल मंगलवार और बुधवार को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
अभियान के दौरान बुलडोजर चलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। नुकसान से बचने के लिए कई दुकानदार और मकान मालिक स्वयं ही अपने निर्माण हटाने लगे। स्थानीय लोगों ने सड़क के दोनों ओर अलग-अलग पैमाने से निशान लगाए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि अधिकांश निर्माण वर्ष 1987 से पहले के हैं और बिना पारदर्शी सर्वे के कार्रवाई उचित नहीं है।
इस बीच नगर निगम के सहायक अभियंता मुकेश शाक्य ने बताया कि विधिवत पैमाइश के बाद ही लाल निशान लगाए गए थे तथा प्रभावित लोगों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने भी कहा कि सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए कई बार नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान जब जीआरएम स्कूल की पुरानी दीवार का मलबा हटाया गया तो उसमें वर्ष 1960 अंकित ईंटें मिलीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दीवार करीब 66 वर्ष पुरानी थी, जिससे क्षेत्र के लोगों की भावनाएं भी जुड़ी हुई थीं।



