bareilly

वक्फ बोर्ड में बड़े घोटाले का आरोप

जांच की मांग को लेकर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने सीएम योगी को लिखा पत्र

बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उत्तर प्रदेश के सुन्नी और शिया वक्फ बोर्ड में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
सोमवार को बरेली में आयोजित प्रेस वार्ता में मौलाना रजवी ने दावा किया कि यदि निष्पक्ष और व्यापक जांच कराई गई तो वक्फ बोर्ड से जुड़े ऐसे घोटाले सामने आएंगे जो देश के बड़े मामलों में गिने जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकारों के दौरान वक्फ संपत्तियों की खरीद-फरोख्त और दुरुपयोग को बढ़ावा मिला तथा बोर्ड के जिम्मेदार पदों पर मनमाने तरीके से नियुक्तियां की गईं।
मौलाना रजवी ने कहा कि वक्फ की जमीनें गरीबों, यतीमों और समाज के जरूरतमंद लोगों के हित के लिए होती हैं। इन संपत्तियों पर स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य जनहित के संस्थान विकसित किए जाने चाहिए थे, लेकिन कथित रूप से इनका गलत इस्तेमाल किया गया। उनका कहना था कि यदि वक्फ संपत्तियों और आय का पारदर्शी तरीके से उपयोग हो तो मुस्लिम समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों को बड़ा लाभ मिल सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। प्रेस वार्ता में हाजी नसीर अहमद नूरी, मुफ्ती फारुख मिस्बाही, हाजी नाजिम बेग, राहत हुसैन मुन्ना, काशिफ खान, डॉ. अनवर रजा कादरी और हाफिज रजी अहमद समेत कई लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button