पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार
गाजियाबाद सिहानीगेट पुलिस ने तीन शातिर चोर-लुटेरों को दबोचा, दो अवैध तमंचे और बाइक बरामद।
गाजियाबाद। सिहानीगेट थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में तीन शातिर चोर-लुटेरों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 10/11 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि फैक्ट्री एरिया में मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्ति किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं। सूचना पर सिहानीगेट पुलिस टीम ने मंगल पांडे मार्ग पर लोहियानगर स्थित सी-ब्लॉक कट के पास चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे बाइक लेकर भागने लगे। इसी दौरान मोटरसाइकिल फिसलने से तीनों गिर गए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो दोनों ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीपी जियाउद्दीन के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में पिछले करीब दो महीनों में चोरी और लूट की चार से पांच घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरूख उर्फ इमरान, निवासी सरधना मेरठ, हाल निवासी डासना; इमरान पुत्र शहीद उर्फ सईद, निवासी रफीकाबाद डासना और सोनू पुत्र स्व. अब्दुल सत्तार, मूल निवासी हापुड़, हाल निवासी मसूरी क्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शाहरूख उर्फ इमरान के खिलाफ हत्या, चोरी और हत्या के प्रयास समेत 13 मुकदमे, जबकि इमरान के खिलाफ लूट, अवैध शस्त्र और चोरी समेत चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक नथिंग कंपनी का मोबाइल और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP15 FD 7747 बरामद की है।




