bareillyuttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

गौशालाओं की निगरानी अब कंट्रोल रूम से

बरेली। जिले की गौशालाओं में गौवंशीय पशुओं की देखभाल और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता लाने के लिए प्रशासन ने निगरानी तंत्र मजबूत करने की पहल की है। जिले की सभी 120 गौशालाओं को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर विकास भवन में बनाए गए कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। यहां से गौशालाओं की लाइव निगरानी की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने बताया कि एक ही स्थान से सभी गौशालाओं की निगरानी होने से व्यवस्थाओं पर नजर रखना आसान होगा। इससे गौवंश के संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था अधिक प्रभावी होने के साथ ही निगरानी में पारदर्शिता भी आएगी। सभी गौशालाओं में सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया चल रही है।
विकास भवन में गौशालाओं की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम तैयार कर लिया गया है। यहां स्क्रीन लगाने का काम शुरू हो चुका है और कुछ गौशालाओं को जोड़कर ट्रायल के तौर पर निगरानी भी शुरू कर दी गई है। सभी गौशालाओं के जुड़ने के बाद चारे-पानी, साफ-सफाई और गौवंश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।
दरअसल, पिछले दिनों सीबीगंज क्षेत्र की एक गौशाला में गौवंशीय पशुओं की मौत और कथित बदहाल व्यवस्था को लेकर हंगामा हुआ था। हिंदूवादी संगठनों ने विरोध जताते हुए गौवंश की उचित देखभाल न किए जाने के आरोप लगाए थे। घटना के बाद प्रशासन की ओर से गौशालाओं की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button