bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

उर्से सकलैनी में 44 जोड़ों का सामूहिक निकाह

बरेली। उर्से सकलैनी के मौके पर हजरत शाह सकलैन एकेडमी ऑफ इंडिया की ओर से गुरुवार को बिशप मंडल इंटर कॉलेज मैदान में सामूहिक निकाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 44 जोड़ों का निकाह कराया गया। खानकाहे आलिया सकलैनिया शराफतिया के सज्जादानशीन शाह मोहम्मद गाजी मियां सहित उलमा ने नवदंपतियों को दुआएं दीं और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
समारोह का आगाज कुरान की तिलावत से हुआ। निकाह के बाद नमाज अदा की गई। मुफ्ती फहीम अजहरी सकलैनी, प्रोफेसर महमूदउल हसन और मुफ्ती रुम्मान कादरी सकलैनी ने निकाह की फजीलत, पाकीजगी और अहमियत पर रोशनी डाली। उलमा ने कहा कि समाज में बढ़ती बुराइयों और गुमराही का एक कारण बुजुर्गों की तालीम और धार्मिक शिक्षाओं से दूरी भी है। उन्होंने शादियों में फिजूलखर्ची और अनावश्यक रस्मों से बचते हुए सादगी से विवाह करने की अपील की।
हर जोड़े के साथ 50 मेहमान
सामूहिक निकाह में प्रत्येक जोड़े के साथ करीब 50 मेहमानों को आमंत्रित किया गया था। मेहमानों के लिए भोजन आदि की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में व्यवस्थाओं को संभालने के लिए करीब 100 स्वयंसेवक तैनात रहे। एकेडमी की ओर से जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के सामूहिक निकाह कराए जाते हैं।
समारोह में सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, नगर अध्यक्ष शमीम सुलतानी, सपा नेता सैफ वली खान समेत कई लोग शामिल हुए। उन्होंने सज्जादानशीन शाह मोहम्मद गाजी मियां से मुलाकात कर एकेडमी की पहल की सराहना की और नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन मुख्तार तिलहरी सकलैनी ने किया। हाफिज आमिल सकलैनी, हसीब रौनक सकलैनी, अरबाज सकलैनी और इमरान सकलैनी ने नाते मनकबत पेश की। समारोह की व्यवस्था में इंतजार सकलैनी, मेराज सकलैनी, उस्मान सकलैनी, अकरम सकलैनी, आफताब आलम, खुर्रम सकलैनी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहयोग किया।

Related Articles

Back to top button