सुप्रतिष्ठित कथक नृत्यांगना डॉ शाम्भवी शुक्ला मिश्रा की
जन्माष्टमी पर कथक प्रस्तुति ने किया भाव विभोर
ग्रेटर नोएडा के लिये गर्व का विषय है कि ग्रेनो निवासी अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नृत्यांगना “कथक रत्न” डॉ शाम्भवी शुक्ला मिश्रा एवं समूह को जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कथक प्रस्तुति हेतु आमंत्रित किया गया।इस अवसर पर कृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित नृत्य नाटिका की शानदार और प्रभावी प्रस्तुति शहडोल में सम्पन्न हुई।अपनी प्रस्तुति का प्रारंभ उन्होंने गणेश श्लोक एवं ताल धमार में जयपुर घराने की प्रसिद्ध बंदिशों से किया। भारतीय कलाबोध, साहित्यिक अध्ययन और विविध उपक्रमों के लिये विख्यात डॉ. शाम्भवी ने कृष्ण और सुदामा के मैत्री प्रसंग को सूक्ष्म और गहरे अध्ययन के साथ प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया । इस नृत्य नाटिका में ग्रेटर नोएडा के निवासी विख्यात गायक श्री बृजेश मिश्र के भावप्रवण गायन और सुमधुर संगीत निर्देशन ने कवि नरोत्तम दास एवं सूरदास की रचनाओं को जीवंत कर दिया।श्रीकृष्ण पाथेय न्यास मप्र शासन संस्कृति विभाग भोपाल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में
कृष्ण के पात्र को कथक रत्न डॉ. शाम्भवी ने, रानी रुकमणी एवं कालिया नाग को कु वंदिता ने, सुदामा के पात्र को कु. अदिति ने ,सूत्रधार तथा संतरी के पात्र को ऋषभ शुक्ला ने एवं संवाद संदेश को संस्कृतिविद डॉ कविता शुक्ला ने बखूबी निभाया।




