मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत
धामपुर में नहटौर रेलवे फाटक के पास हुआ हादसा, दस्तावेज से युवक की पहचान; पुलिस ने शुरू की जांच
धामपुर। नगर के नहटौर रेलवे फाटक के निकट सोमवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में 29 वर्षीय युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद युवक का शव रेलवे ट्रैक के पास क्षत-विक्षत हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची ओर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
सोमवार की दोपहर मुरादाबाद की ओर से एक मालगाड़ी नगीना की तरफ जा रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास एक युवक के मौजूद होने की बात सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मालगाड़ी को नजदीक आता देखकर युवक ने ट्रैक पार करने का प्रयास किया, लेकिन वह समय रहते दूसरी तरफ नहीं पहुंच सका और ट्रेन की चपेट में आ गया।
हादसा इतना भयावाह था कि युवक कई हिस्सों में बंट गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए ओर मृतक की शीनाख्त के प्रयास मे जुट गई। मृतक की जेब से निकले के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनो से सम्पर्क करने के प्रयास शुरु किये।
दस्तावेज से सामने आई युवक की पहचान पुलिस द्वारा शव की तलाशी लिए जाने के दौरान युवक के पास से पहचान संबंधी दस्तावेज मिला। इसके आधार पर मृतक की पहचान अनिल कुमार पुत्र भगवंत सिंह, निवासी लालापुर पीपलसाना, थाना सुरजन नगर, जनपद मुरादाबाद के रूप में बताई गई है। पुलिस को दस्तावेज में मिले विवरण के आधार पर मृतक के परिजनों से संपर्क करने में जुटी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पहचान की पुष्टि की जाएगी। हादसे की परिस्थितियों की जांच
आरपीएफ और राजकीय रेलवे पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक रेलवे ट्रैक तक किस परिस्थिति में पहुंचा और हादसा किस प्रकार हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हादसे की सूचना क्षेत्र में फैलते ही रेलवे फाटक के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर लोगों में काफी चर्चा रही। रेलवे पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।




