lakimpur khiriuttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

कुकरा-लुधौरी में लेखपाल की दोबारा तैनाती पर किसानों में आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बाढ़ राहत सर्वे में लापरवाही का आरोप, तैनाती निरस्त न हुई तो धरने की चेतावनी

लखीमपुर खीरी। कुकरा लुधौरी क्षेत्र का हल्का प्रभार पूर्व लेखपाल अविशेष श्रीवास्तव को दोबारा दिए जाने से क्षेत्रीय किसानों में भारी नाराजगी है। इसके विरोध में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक, तहसील निघासन के पदाधिकारियों और किसानों ने एसडीएम निघासन को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी को सौंपा।

किसानों का आरोप है कि पूर्व में बाढ़ के दौरान राहत वितरण और फसल व मकान क्षति के सर्वे में लेखपाल ने लापरवाही बरती थी। सर्वे में अनियमितता के चलते कई वास्तविक प्रभावित किसान सरकारी सहायता और मुआवजे से वंचित रह गए थे।

ज्ञापन में किसानों ने मांग की है कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए लेखपाल की दोबारा तैनाती के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए और इसे तत्काल निरस्त किया जाए।

किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन तहसील निघासन परिसर में धरना-प्रदर्शन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील अध्यक्ष संदीप सिंह, विधानसभा अध्यक्ष अमरजीत सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मुख्तियार सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र इकबाल सिंह, बलदेव सिंह, हरजीत सिंह, रमन, दविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button