bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा में फूट : 39 पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

टिकट के बदले 10 लाख रुपये मांगने का आरोप, अलंकार अग्निहोत्री ने आरोपों को बताया साजिश

बरेली। पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री की ओर से गठित राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। रविवार को पार्टी के 39 पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का एलान कर संगठन में फूट के संकेत दिए। इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पदाधिकारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट देने के नाम पर प्रत्याशियों से 10 लाख रुपये तक मांगने का भी आरोप लगाया गया। उन्होंने पार्टी के नाम पर चंदा जुटाने और रसीद बुक के माध्यम से धन लेने के आरोप भी लगाए।
राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ट्रस्ट के अध्यक्ष केशव शंखधार समेत पूर्व पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता कर संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि स्थानीय इकाइयों से विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी तलाशने और उनसे पहले दो लाख रुपये पंजीकरण शुल्क तथा बाद में टिकट के लिए 10 लाख रुपये लेने की बात कही गई।
वहीं, अलंकार अग्निहोत्री ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे गुटबाजी से उपजा विवाद बताया। उनका कहना है कि बृज क्षेत्र अध्यक्ष मनोज शर्मा, बरेली मंडल अध्यक्ष सचिन शर्मा, जिलाध्यक्ष आर्येंद्र मिश्रा और महानगर अध्यक्ष एकांश गुप्ता को गुटबाजी के आरोप में एक सितंबर को ही संगठन से निष्कासित किया जा चुका है। उनके मुताबिक निष्कासन से नाराज होकर अब झूठे और गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।
विवाद के बीच महिला कार्यकर्ताओं से कथित अभद्र व्यवहार और संगठन के संचालन को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी 2026 को पीसीएस सेवा से इस्तीफा देने के बाद राजनीतिक गतिविधियां शुरू की थीं और इसके बाद राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का गठन किया था। अब संगठन के भीतर ही 39 पदाधिकारियों के सामूहिक इस्तीफे से उनकी राजनीतिक मुहिम को बड़ा झटका लगा है।

Related Articles

Back to top button