bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

जगतपुर में कई दिनों से पेयजल संकट

पानी के लिए भटक रहे क्षेत्रवासी

बरेली। शहर के मोहल्ला जगतपुर में पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्रवासियों की परेशानी बढ़ गई है। नगर निगम की वाटर लाइन में पानी नहीं आने के कारण लोगों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है।
जगतपुर निवासी सुरेंद्र सोनकर एडवोकेट, ऋष कुमार, विजय कुमार, करन सिंह और अजय सिंह ने बताया कि पिछले सप्ताह भी मोहल्ले में पानी की सप्लाई बंद हो गई थी। कई शिकायतों के बाद किसी तरह जलापूर्ति शुरू हुई, लेकिन अब दोबारा पानी की सप्लाई ठप हो गई है। इससे पूरे मोहल्ले के लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, पानी के इंतजाम के लिए लोगों को दूर-दूर तक जाना पड़ रहा है। कई परिवार मजबूरी में इंडिया मार्का हैंडपंप से पानी लाकर काम चला रहे हैं। वहीं मोहल्ले में लगे कई इंडिया मार्का नल भी खराब पड़े हैं। करीब चार नलों में से केवल एक नल चालू होने के कारण वहां पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ लग रही है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से पेयजल संकट का तत्काल समाधान कराने, वाटर लाइन की जांच कराकर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने और खराब पड़े इंडिया मार्का नलों को जल्द ठीक कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए उन्हें इस तरह भटकना पड़ रहा है, जबकि समस्या की कई बार शिकायत की जा चुकी है।

Related Articles

Back to top button