सनातन मंदिर में धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी
भजन संध्या में महिलाओं ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बने आकर्षण का केंद्र
मटकी फोड़ कार्यक्रम और प्रोजेक्टर पर कृष्ण लीलाओं ने बढ़ाई समारोह की रौनक
बिजनौर। बैराज रोड स्थित शक्ति नगर-साईं विहार कॉलोनी के सनातन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया गया। जन्माष्टमी उत्सव को लेकर मंदिर परिसर को फूलों, आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। शाम होते ही मंदिर श्रद्धालुओं से गुलजार हो गया और चारों ओर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे गूंजने लगे।
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर में आकर्षक ढंग से सजाई गई श्रीकृष्ण की झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
उत्सव के दौरान महिलाओं की ओर से विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया। महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और भक्ति पर आधारित मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की स्वर लहरियां मंदिर परिसर में गूंजती रहीं और श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में सराबोर होते रहे। महिलाओं ने तालियों के साथ भजनों का आनंद लिया, जबकि श्रद्धालु भी भक्ति में झूमते नजर आए। भजन संध्या के दौरान मंदिर परिसर में ऐसा भक्तिमय वातावरण बना कि हर कोई कान्हा की भक्ति में रंगा दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने बीच-बीच में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
—-
राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने
जन्माष्टमी पर्व को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा और कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजकर मंदिर पहुंचे। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और मासूम अदाओं ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।
—-
नन्हे बच्चों ने फोड़ी मटकी, जयकारों से गूंजा मंदिर
जन्माष्टमी उत्सव में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम बच्चों के लिए खास आकर्षण रहा। नन्हे बच्चों ने उत्साह के साथ मटकी फोड़कर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को जीवंत कर दिया। मटकी फोड़ने के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। मटकी फूटते ही मंदिर परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा।



