bijnoruttar pradeshराष्ट्रीय

खुले नाले में गिरकर 13 वर्षीय किशोर की मौत

परिजनों में मचा कोहराम

-तेज बारिश में सड़क पर भरा था पानी, नाले का नहीं चला पता
-करीब 500 मीटर दूर पाइप में अटका मिला किशोर का शव
-परिजनों में मचा कोहराम, खुले नाले को ढकने की मांग

बिजनौर। तेज बारिश के दौरान सड़क पर पानी भरने के कारण खुले नाले का अंदाजा नहीं होने से उसमें गिरकर 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने खुले नाले को ढकने और जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

शनिवार को किरतपुर के मोहल्ला अंसारियान निवासी अफजल का पुत्र हम्माद (13) घर से ईदगाह रोड की ओर जा रहा था। इस्लामिया इंटर कॉलेज के गेट के सामने तेज बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा था। इसी दौरान वह खुले नाले में गिर गया। नाले में तेज बहाव होने के कारण वह पानी में बह गया।
कॉलेज गेट के सामने सब्जी की ठेली लगाने वालों ने किशोर को नाले में गिरते देखा तो शोर मचाया। लोगों ने तलाश शुरू की। करीब 500 मीटर दूर वह नाले में एक पाइप से अटका मिला। लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हम्माद दो भाइयों में एक था। उसके पिता रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नाला ढका होता और जल निकासी की उचित व्यवस्था होती तो हादसा टल सकता था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से खुले नाले को ढकने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button