जेपीएम कॉलेज में उमंग प्रतिभा उत्सव का समापन
63 टॉपर्स को मिली 2.89 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि
बरेली। भैरपुरा स्थित जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए आयोजित ‘उमंग प्रतिभा उत्सव-2026 एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम’ का तृतीय एवं अंतिम दिवस बुधवार को भव्य रूप से संपन्न हुआ। अंतिम दिन बीए, एमए, बीसीए और डीएलएड के 217 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से पिछले वर्षों के 63 टॉपर्स को कुल 2.89 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। पूर्व विद्यार्थियों ने भी नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे की वंदना और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि प्रो. विनय ऋषिवाल, डीएसडब्ल्यू, मोटिवेशनल एक्सपर्ट एवं डीन कंप्यूटर साइंस, एमजेपी रोहिलखंड विश्वविद्यालय रहे। अध्यक्षता जेवी सिंह, शैक्षणिक सलाहकार जेपीएम ग्रुप एवं पूर्व आईडीईएस ऑफिसर, रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने की। विशिष्ट अतिथि शिखा पटेल, निदेशक जेपीएम स्कूल रहीं।
मुख्य अतिथि प्रो. विनय ऋषिवाल ने विद्यार्थियों से कौशल विकास, सामाजिक संस्कार, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को कंप्यूटर एवं तकनीकी ज्ञान, संचार क्षमता और रोजगारपरक दक्षताओं पर भी ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम अध्यक्ष जेवी सिंह ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि वैभव पटेल ने शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर प्रकाश डाला। शिखा पटेल ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए।
महाविद्यालय के निदेशक डॉ. मनोज काण्डपाल ने अतिथियों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार, नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच, कौशल विकास और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों, करियर विकल्पों, कौशल विकास और प्लेसमेंट के अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समन्वयक डॉ. अपर्णा कटियार और डॉ. शोभना मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह में चीफ प्रॉक्टर अंकुर टंडन, डीएसडब्ल्यू अमरीश गंगवार, डॉ. रवि शंकर, डॉ. यशपाल सिंह, डॉ. रक्षा सिंह, रमा शंकर, तिलक राठौर, सौरभ, डॉ. मो. नईम सहित शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहे। अंत में प्रो. ललित सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।




