108वें उर्स-ए-आला हज़रत पर सपा नेताओं ने दी मुबारकबाद
आला हज़रत की तालीम को बताया अमन और इंसानियत का पैगाम
बरेली। 108वें उर्स-ए-आला हज़रत के अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेता संजीव कुमार सक्सेना, हैदर अली और प्रमोद विष्ट ने सभी अकीदतमंदों को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि बरेली सदियों से इल्म, अदब और तहज़ीब का अहम केंद्र रहा है और इमाम अहमद रज़ा ख़ाँ उर्फ़ आला हज़रत ने अपने इल्मी और दीनी योगदान से इस शहर को पूरी दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई।
सपा नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि आला हज़रत ने पूरी ज़िंदगी दीन, इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया। उनके लिखे फतवे और धार्मिक साहित्य आज भी दुनिया भर के लोगों के लिए मार्गदर्शन का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आला हज़रत की शिक्षा समाज में अमन, सौहार्द, शिक्षा और इंसानियत की भावना को मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि 108वां उर्स-ए-आला हज़रत केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और इंसानी मूल्यों को आगे बढ़ाने का अवसर भी है। सपा नेताओं ने दुआ की कि बुज़ुर्गान-ए-दीन की रहमत सभी पर बनी रहे और देश में अमन, तरक्की और खुशहाली कायम रहे।
अंत में संजीव कुमार सक्सेना, हैदर अली और प्रमोद विष्ट ने सभी जायरीन और अकीदतमंदों को 108वें उर्स-ए-आला हज़रत की दिली मुबारकबाद देते हुए शांति, सौहार्द और खुशहाली की कामना की।




