उर्स-ए-रजवी और कांवड़ यात्रा के बीच
प्रशासन की मुस्तैदी से सकुशल संपन्न हुआ आयोजन
बरेली। आला हज़रत के 108वें उर्स-ए-रजवी का आयोजन प्रशासन और पुलिस की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो गया। देश-विदेश से लाखों जायरीन दरगाह पर पहुंचे, वहीं दूसरी ओर सावन माह के चलते कांवड़ यात्रियों की भी बड़ी संख्या सड़कों पर रही। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में प्रशासन और पुलिस ने बेहतर समन्वय के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखी।
एडीजी रमित शर्मा, मंडलायुक्त शंभू कुमार, डीआईजी अजय कुमार साहनी, डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड में मौजूद रहे। अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की स्वयं निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं व जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा।
एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल, एसपी शिवम आशुतोष, नगर मजिस्ट्रेट आशुतोष शिवम, सिटी मजिस्ट्रेट विजय सिंह, एसडीएम सदर ईशिता किशोर, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एडीएम ई पूर्णिमा सिंह और एडीएम एफआर संतोष सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी दिन-रात ड्यूटी कर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, उर्स और कांवड़ यात्रा एक साथ होने के बावजूद पुलिस, प्रशासन और आमजन के सहयोग से पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे बरेली ने एक बार फिर गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।




