bijnoruttar pradesh

गुलदार को रेस्क्यू करते समय वन दरोगा पर हमला, पैर में लगी चोट

पिंजरे में कैद होने के बाद ग्रामीणों ने ली राहत की सांस।

अफजलगढ़। ग्राम पंचायत हरेवली में शुक्रवार रात ग्राम प्रधान मोहन सिंह के घर के समीप पिंजरे में कैद गुलदार को रेस्क्यू करने पहुंची वन विभाग की टीम पर गुलदार ने हमला कर दिया। रेस्क्यू के दौरान वन दरोगा सतवीर सिंह के पैर पर गुलदार ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायल वन दरोगा को वनकर्मियों ने तत्काल सीएचसी अफजलगढ़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, गुलदार के पिंजरे में कैद होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। शुक्रवार रात करीब नौ बजे वन विभाग को सूचना मिली कि हरेवली में ग्राम प्रधान मोहन सिंह के घर के समीप लगाए गए पिंजरे में गुलदार कैद हो गया है। सूचना मिलते ही वन दरोगा सतवीर सिंह वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू करने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान गुलदार ने अचानक वन दरोगा के पैर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। वन दरोगा के घायल होने पर मौके पर मौजूद वनकर्मियों ने उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अफजलगढ़ में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार पिछले काफी समय से ग्राम प्रधान के घर के आसपास दिखाई दे रहा था। गुलदार की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय बना हुआ था। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की थी। शुक्रवार रात गुलदार के पिंजरे में कैद होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम गुलदार को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्रवाई में जुटी रही।

Related Articles

Back to top button