bareillyuttar pradesh

उर्स-ए-रजवी: सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम-एसएसपी की पैनी नजर

बिहारीपुर पुलिस चौकी पहुंचकर लिया जायजा

बरेली। आला हजरत इमाम अहमद रजा खां के उर्स-ए-रजवी के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने अधिकारियों के साथ बिहारीपुर पुलिस चौकी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और मौके पर तैनात अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उर्स में देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने के कारण दरगाह क्षेत्र, इस्लामिया मैदान और आसपास के इलाकों में लगातार भीड़ बनी हुई है। प्रशासन ने आयोजन क्षेत्र को चार जोन में विभाजित कर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जायरीन और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और आपातकालीन व्यवस्थाओं को हर समय सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए।
उर्स का मुख्य आयोजन इस्लामिया मैदान में हो रहा है। वहीं नावेल्टी, घंटाघर, बिहारीपुर, चौपला, सिटी स्टेशन और दरगाह से जुड़े मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के चलते यातायात का दबाव बढ़ा हुआ है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस की विशेष टीमें भी तैनात की गई हैं, जो जाम की स्थिति से निपटने और आवागमन को सुचारु बनाए रखने में जुटी हैं।
प्रशासन का कहना है कि उर्स के समापन तक सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button