30 मिनट की बारिश में ‘स्मार्ट सिटी’ डूबी
सुरेश शर्मा नगर की मुख्य सड़क बनी तालाब

बरेली। स्मार्ट सिटी के दावों की हकीकत सोमवार शाम करीब 3:25 बजे हुई महज 30 मिनट की बारिश ने एक बार फिर उजागर कर दी। शहर की प्रमुख आवासीय कॉलोनियों में शामिल सुरेश शर्मा नगर की मुख्य सड़क कुछ ही देर में तालाब में तब्दील हो गई। सड़क पर कई फीट तक पानी भर जाने से वाहन रेंगते नजर आए और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही तस्वीर सामने आती है। करोड़ों रुपये की स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और विकास कार्यों के दावों के बावजूद जल निकासी व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। थोड़ी सी बारिश में ही सड़कें जलमग्न हो जाती हैं, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
स्थानीय निवासी अनिल ने कहा, “महज 30 मिनट की बारिश में पूरी सड़क तालाब बन जाती है। चुनाव के समय भाजपा के मेयर, पार्षद, विधायक और मंत्री वोट मांगने जरूर आते हैं, लेकिन वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं हो सका। आखिर स्मार्ट सिटी का दर्जा सिर्फ कागजों तक ही सीमित है क्या?”
स्थानीय निवासी रश्मि ने कहा, “सुरेश शर्मा नगर शहर की प्रमुख कॉलोनियों में गिनी जाती है, लेकिन हर बारिश में घरों के बाहर पानी भर जाता है। लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। अब जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए।”
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने और जल निकासी व्यवस्था की अनदेखी के कारण हर वर्ष यही हालात बनते हैं। उन्होंने नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि नालों की नियमित सफाई कराई जाए, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और सुरेश शर्मा नगर की जलभराव समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।
बार-बार जलभराव से परेशान लोगों का कहना है कि अगर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी पहली बारिश में सड़कें तालाब बन जाएं, तो स्मार्ट सिटी के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।



