कलेक्ट्रेट कूच के दौरान बैरिकेडिंग पर रोके गए कार्यकर्ता, एडीएम को सौंपा ज्ञापन

बिजनौर, संवाददाता। भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में शनिवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा।
शनिवार को जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार, चेयरमैन नजीबाबाद इंजीनियर मौअज्जम खां, चेयरमैन सहारनपुर खुर्शीद मंसूरी व विवेक सेन आदि के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता नुमाइश ग्राउंड पर एकत्र हुए। यहां से सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर मार्च शुरू किया गया। पहले से मुस्तैद पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को नुमाइश ग्राउंड पर ही रोक दिया।
इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देशभर में भर्ती परीक्षाओं के दौरान हुए पेपर लीक मामलों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों एवं उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की गई।
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि बार-बार हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं की मेहनत और भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका आरोप था कि सरकार ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में विफल रही है। नेताओं ने कहा कि नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवाओं के हितों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान रोहित सागर, शहजाद अहमद, प्रशांत महासागर, भीम सिंह हल्दिया, मौलाना अतीक, गौहर इकबाल, सलीम अंसारी, फहीम अंसारी, अभिषेक सूर्यवंशी व शाकिर प्रधान आदि मौजूद रहे।
——-
बैरिकेड हटाने की कोशिश, पुलिस से नोकझोंक
कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने से रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक नोकझोंक होती रही। हालांकि पुलिस अधिकारियों और पार्टी नेताओं के बीच वार्ता के बाद स्थिति सामान्य हो गई और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ।



