bijnoruttar pradesh

विकसित भारत जी-राम जी अभियान

 बिजनौर में 157 तालाबों के निर्माण-पुनरोद्धार का शुभारंभ

बिजनौर, संवाददाता। विकसित भारत जी-राम जी अभियान के तहत जनपद बिजनौर में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक साथ 157 तालाबों के निर्माण एवं पुनरोद्धार कार्य का शुभारंभ किया गया। डीएम जसजीत कौर के निर्देशन और सीडीओ रणविजय सिंह के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले में कुल 500 से अधिक तालाबों का चयन किया गया है।
पहले चरण में अफजलगढ़, बूढ़नपुर स्योहारा, धामपुर, हल्दौर, जलीलपुर, किरतपुर, कोतवाली, मोहम्मदपुर देवमल, नजीबाबाद, नहटौर और नूरपुर सहित विभिन्न विकास खंडों में 157 तालाबों पर खुदाई और पुनरोद्धार कार्य शुरू कराया गया।
विकास खंड हल्दौर की ग्राम पंचायत गोरखपुर टोपरी में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने तालाब पुनरोद्धार कार्य का शुभारंभ करते हुए ग्रामीणों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने विकास खंड मोहम्मदपुर देवमल की ग्राम पंचायत भोजपुर भोपतपुर में कार्य का शुभारंभ कर अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
अभियान के तहत उपायुक्त (श्रम रोजगार) को निर्देश दिए गए हैं कि अगस्त 2026 के प्रथम सप्ताह तक चयनित सभी 500 से अधिक तालाबों पर कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही कैचमेंट एरिया, इनलेट, आउटलेट का तकनीकी मानकों के अनुसार विकास तथा तालाबों के किनारों पर छायादार पौधों का रोपण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button