bareillyuttar pradesh

बरेली के जाट रेजीमेंट सेंटर में 6 से 13 अगस्त तक

अग्निवीर भर्ती रैली, विशेष श्रेणी के अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर

बरेली। अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बरेली स्थित जाट रेजीमेंट सेंटर में 6 से 13 अगस्त तक यूनिट हेडक्वार्टर कोटा (UHQ) के तहत अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, ट्रेड्समैन, लिपिक (क्लर्क) और स्पोर्ट्स कोटा के पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
सेना अधिकारियों के अनुसार यह भर्ती विशेष श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। इसमें युद्ध वीरांगनाओं के पुत्र, जाट रेजीमेंट के सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिकों के पुत्र और सगे भाई, युद्ध में शहीद या घायल सैनिकों के आश्रित, कानूनी रूप से गोद लिए हुए पात्र अभ्यर्थी तथा चयनित खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक प्रमाण-पत्रों और दस्तावेजों के साथ सुबह 4 बजे तक जाट रेजीमेंट सेंटर के जाट गेट पर पहुंचना होगा। प्रारंभिक जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। सुबह 7 बजे के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।

तिथिवार कार्यक्रम
6 अगस्त: स्पोर्ट्स कोटा एवं जनरल ड्यूटी (उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान को छोड़कर अन्य राज्यों के पात्र अभ्यर्थी)
7 अगस्त: हरियाणा के निर्धारित जिलों के जनरल ड्यूटी अभ्यर्थी
8 अगस्त: उत्तर प्रदेश के प्रथम समूह के जिलों के जनरल ड्यूटी अभ्यर्थी
10 अगस्त: उत्तर प्रदेश के दूसरे समूह के जिलों, जिनमें बरेली, बदायूं, पीलीभीत, रामपुर, शाहजहांपुर सहित कई जिले शामिल हैं
11 अगस्त: राजस्थान के निर्धारित जिलों के जनरल ड्यूटी अभ्यर्थी
12 अगस्त: सभी राज्यों के लिए अग्निवीर ट्रेड्समैन भर्ती
13 अगस्त: सभी राज्यों के पात्र अभ्यर्थियों के लिए जाट रेजीमेंट के अंतर्गत अग्निवीर लिपिक भर्ती

Related Articles

Back to top button