अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत धामपुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प पूरा
17 जुलाई को होगा धामपुर रेलवे स्टेशन का लोकार्पण

बिजनौर। भारतीय रेल की अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल स्थित धामपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूरा हो गया है। स्टेशन पर सभी निर्धारित विकास कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं और अब इसके लोकार्पण की तैयारियां चल रही हैं। 17 जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी इसका वर्चुअल उद्घाटन करेंगे।
धामपुर रेलवे स्टेशन को आधुनिक और यात्री सुविधाओं से सुसज्जित बनाया गया है। स्टेशन भवन को नया आकर्षक स्वरूप दिया गया है। बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, उन्नत यात्री सूचना प्रणाली, उच्च गुणवत्ता वाले संकेतक (साइनेज), सुगम आवागमन के लिए बेहतर परिसंचरण क्षेत्र तथा स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण किया गया है। साथ ही हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए पौधारोपण और लैंडस्केपिंग का कार्य भी कराया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन विकास कार्यों से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। स्टेशन का नया स्वरूप क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय विरासत को भी प्रदर्शित करता है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मुरादाबाद मंडल महेश यादव ने बताया कि स्टेशन के सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे कर लिए गए हैं। लोकार्पण के बाद धामपुर रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेलवे स्टेशनों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा।
