bareilly

नाथ नगरी में श्रद्धा का उमड़ा सैलाब

धूमधाम से निकली जलाभिषेक शोभायात्रा

बरेली। सावन माह के पावन अवसर पर नाथ नगरी जलाभिषेक समिति के तत्वावधान में सोमवार को भव्य जलाभिषेक शोभायात्रा निकाली गई। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से शहर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में भाग लेकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह श्यामगंज मंदिर से समिति के अध्यक्ष बृजवासी अग्रवाल के नेतृत्व में हुआ। यात्रा शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं ने नाथ नगरी चालीसा और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। इसके बाद शंखनाद के साथ शोभायात्रा रवाना हुई। शिवभक्त गले में गंगाजली धारण किए, वाहनों पर नंदी ध्वज लगाए और माथे पर केसरिया पट्टी बांधे यात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा श्यामगंज मंदिर से गंगापुर चौराहा, मैकनियर रोड और सूद धर्मकांटा होते हुए बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंची। मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सामूहिक रुद्राभिषेक कराया गया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, शहद, धतूरा, रुद्राक्ष और नंदी ध्वज अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद महाआरती संपन्न हुई और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में आशुतोष अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल, मनोज देवल, पंकज देवल, रितेश अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button