बीच सड़क पर बुलेट खड़ी कर ई-बस रोकी, चालक से मारपीट
डेलापीर चौराहे पर तीन युवकों की दबंगई, बस में भी की तोड़फोड़; तीनों हिरासत में
बरेली। डेलापीर चौराहे के पास रविवार दोपहर बुलेट सवार तीन युवकों ने बीच सड़क पर बाइक खड़ी कर ई-बस रोक ली। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने बस चालक से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और बस को भी नुकसान पहुंचाया। घटना का वीडियो बस में मौजूद एक युवक ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के पीपलसाना चौधरी निवासी रंजीत सिंह सिटी बस सेवा के तहत संचालित ई-बस के चालक हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार दोपहर वह ई-बस लेकर जंक्शन से मिनी बाईपास की ओर जा रहे थे। डेलापीर चौराहे के पास बुलेट सवार तीन युवकों ने बाइक बीच सड़क पर खड़ी कर उनकी बस रोक दी।
आरोप है कि बस रुकते ही दो युवक चालक के पास पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने चालक के साथ मारपीट की और धमकी भी दी। इस दौरान बस को भी क्षतिग्रस्त किया गया। चालक का आरोप है कि तीनों युवक नशे की हालत में थे और सीबीगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं।
बाइक सीज, तीनों युवक हिरासत में
घटना की सूचना मिलने के बाद इज्जतनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनकी बुलेट बाइक भी सीज कर दी है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।
ई-बस चालक ने घटना की जानकारी सिटी बस सेवा के अधिकारियों को भी दी है। प्रबंध संचालक मनीषा दीक्षित ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने और बस में हुए नुकसान की भरपाई कराने की बात कही है।
बीच सड़क पर बाइक खड़ी कर सार्वजनिक परिवहन की बस रोकने और चालक से मारपीट की घटना ने शहर में यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।




