etavauttar pradeshराजनीतिराष्ट्रीय

भाजपा जिलाध्यक्ष ने आयोजित प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक वृहद रूप से चलाया जाएगा सेवा संकल्प अभियान

Etawaha: भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता ने भाजपा जनपद कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान–2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक वृहद रूप से चलाया जाएगा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला, विधानसभा, मंडल एवं बूथ स्तर तक 13 अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का मूल भाव ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ है। इसके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की गई है कि वे सेवा कार्यों को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए उन्हें समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम बनाएं।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितम्बर की शाम 7 बजे जनपद भर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसके अंतर्गत प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं से जनपद में लाभान्वित परिवारों के घरों पर दीप प्रज्वलित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर 200 व पूरे जनपद में 1 लाख 25 हजार दीये जलाने की योजना बनाई गई है।

17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ कार्यक्रम आयोजित होगा।

18 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं से आए सकारात्मक बदलाव की कहानियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।

25 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर ‘आंगन मिलन सेवा’ आयोजित की जाएगी। इसमें माताओं एवं बहनों को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी।

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के अंतर्गत सरकार की योजनाओं से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले लाभार्थियों से संपर्क कर छोटे एवं सरल वीडियो तैयार कर वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी।

अभियान के दौरान परिवर्तनकारी स्थलों पर ‘25 साल, 25 कहानी’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इन स्थलों पर स्थानीय नागरिकों, लाभार्थियों और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स की सहभागिता से पिछले वर्षों में हुए परिवर्तन को सामने रखा जाएगा।

7 अक्टूबर को प्रदेश से चलकर जनपद के गांवों में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा–विकसित भारत का संकल्प’ निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से 25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार तथा विकसित भारत–2047 के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

केंद्र द्वारा निर्धारित तिथि पर वडनगर–वाराणसी सेवा यात्रा भी आयोजित होगी। गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर लगभग 250 बाइक एवं 500 यात्रियों के साथ वाराणसी तक की यात्रा के बीच पड़ने वाले गाँव के स्थानीय नागरिकों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर के मध्य ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को अपने जीवन में किए गए 25 सेवा कार्यों में से किसी एक को चुनकर कम से कम 25 मिनट समाज सेवा के लिए देने का आह्वान किया जाएगा। इसमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, अंगदान संकल्प, मतदाता जागरूकता, पौलिथीन विरोध तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी जैसे कार्य शामिल होंगे।

8 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक प्रत्येक ब्लॉक में ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य है—सरकार आपके द्वार, अर्थात पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

7 अक्टूबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के माध्यम से देशभक्ति, सेवा और सामाजिक एकता की भावना को रंगोली के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाएगा। इस दौरान प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल सामग्री से रंगोली बनाने पर विशेष जोर रहेगा।

अभियान में युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, प्रोफेशनल्स, कॉरपोरेट इनोवेटर्स एवं जमीनी स्तर पर नए समाधान विकसित करने वाले लोगों को जोड़ने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ प्रस्तावित है।

वहीं अभियान का समापन कार्यक्रम ‘सुशासन सेवा संवाद’ 17 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है , जिसमें सुशासन एवं सेवा के 25 वर्षों की यात्रा को जनप्रतिनिधियों एवं जनसेवकों की सहभागिता के साथ जनसंवाद का स्वरूप दिया जाएगा।

भाजपा का यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा को संगठनात्मक संस्कार और जनभागीदारी का माध्यम बनाने का प्रयास है। अभियान में सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों, पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के माध्यम से सेवा, सुशासन, सामाजिक सहभागिता और विकसित भारत–2047 के संकल्प को गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

भारतीय जनता पार्टी का आह्वान है कि ‘सेवा संकल्प अभियान–2026’ को जन-जन का अभियान बनाते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं सेवा का सहभागी बने और समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस महाअभियान से जोड़े।

प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, अभियान जिला संयोजक व जिला महामंत्री सतेंद्र राजपूत, जिला उपाध्यक्ष बासु चौधरी, यशवर्धन चौधरी व सह-मीडिया प्रभारी अंकित सैनी उपस्थित रहें।

Related Articles

Back to top button