bareillyswasthayuttar pradeshराष्ट्रीय

स्मार्ट सिटी की सड़कों पर गड्ढों का कब्जा, हादसों को दावत

राउंड टेबल से लाल फाटक और सैटेलाइट होते हुए पीलीभीत रोड तक सड़कें बदहाल, पुल की लाइटें भी खराब

बरेली। त्योहार से पहले शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के दावों के बीच प्रमुख मार्गों की बदहाली व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। राउंड टेबल चौराहे से लाल फाटक, सैटेलाइट चौराहे और पीलीभीत रोड तक जगह-जगह उखड़ी सड़कें और गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। वहीं, लाल फाटक पुल पर खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण रात में सफर करना और मुश्किल हो सकता है। ऐसे में स्मार्ट सिटी की सड़कों पर गड्ढों का राज वाहन चालकों की सुरक्षा पर भारी पड़ रहा है।
राउंड टेबल चौराहे से लाल फाटक तक सड़क कई जगह से उखड़ चुकी है। गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। इससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों के संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लाल फाटक पुल पर भी रखरखाव की कमी दिखाई दे रही है। पुल के डिवाइडर और किनारों पर झाड़ियां व घास उगी हुई हैं, जबकि कई स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। रात में पर्याप्त रोशनी नहीं मिलने से वाहन चालकों को रास्ता देखने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में सड़क की मरम्मत के साथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करना भी जरूरी है।

सैटेलाइट से पीलीभीत रोड तक गड्ढों से परेशानी

सैटेलाइट चौराहा पीलीभीत, शाहजहांपुर और लखनऊ की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके बावजूद चौराहे और आसपास की सड़कों पर बने गड्ढे यातायात को प्रभावित कर रहे हैं। वहीं, पीलीभीत रोड पर सड़क उखड़ने से गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं। यह मार्ग विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और कई कॉलोनियों को जोड़ता है। ऐसे में रोजाना आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एक ओर शहर को स्मार्ट बनाने की कवायद चल रही है, वहीं दूसरी ओर प्रमुख सड़कों की बदहाली बुनियादी सुविधाओं की स्थिति उजागर कर रही है। अब देखना यह है कि गड्ढामुक्त सड़क अभियान के तहत इन मार्गों की हालत कब सुधरती है।
भगत सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए काम कराया जा रहा है। संबंधित अभियंताओं को सड़कों की स्थिति का आकलन कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button