lakimpur khiriuttar pradesh

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत

श्री गुरु नानक इंटर कॉलेज में हुआ भव्य वृक्षारोपण

लखीमपुर-खीरी। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से श्री गुरु नानक इंटर कॉलेज, पहाड़पुर में गुरुवार को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलवंत सिंह चीमा, इंग्लिश मीडियम के प्रभारी करतार सिंह चीमा, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य कुलवंत सिंह चीमा ने अपनी माता के नाम एक पौधा लगाकर की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “जैसे सिंदूर के बिना मांग सूनी लगती है, वैसे ही वृक्षों के बिना धरती सूनी प्रतीत होती है।” उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि पेड़-पौधे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, वातावरण को शुद्ध रखते हैं, भीषण गर्मी में शीतल छाया देते हैं, वर्षा को आकर्षित करने में सहायक होते हैं तथा जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों, विद्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में कई विद्यार्थियों ने अपनी मां के नाम पौधे लगाकर इस अभियान को भावनात्मक स्वरूप दिया, जिससे कार्यक्रम का संदेश और भी प्रेरणादायक बन गया।इस अवसर पर प्रेरणा अध्यापक इमरान खान, संजीव सिंह, दीपक दीक्षित, अनिल सिंह, सुशील कुमार वर्मा, श्रवण कुमार बाजपेई एवं इन्द्रेश कुमार सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button