पेट्रोल पंप के पास सीएनजी सिलिंडरों से लदा ट्रक पलटा
गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी
बरेली। शहर के संजय नगर चौराहे के पास सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 60 से अधिक सीएनजी सिलिंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद सिलिंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घटना स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप होने के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका से प्रशासन में भी अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पलटते ही तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। स्थानीय लोगों और ऑटो चालकों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का शीशा तोड़कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं।
गैस रिसाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई तथा संजय नगर चौराहे के आसपास का यातायात रोक दिया गया। लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाकर पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया। फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया और घंटों की मशक्कत के बाद गैस रिसाव पर काबू पाया गया। बाद में क्रेन की सहायता से ट्रक को सीधा कराया गया।
बताया गया कि ट्रक हल्द्वानी से खाली सीएनजी सिलिंडर लेकर लौट रहा था। हालांकि सिलिंडर खाली थे, लेकिन उनमें मौजूद दबाव के कारण गैस का रिसाव हो रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क के कारण ट्रक असंतुलित होकर पलट गया।
गनीमत रही कि समय रहते पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से स्थिति नियंत्रित कर ली गई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।




