बहेड़ी में सपा ने शिक्षक एमएलसी चुनाव को दी रफ्तार
बरेली/बहेड़ी। बरेली-मुरादाबाद मंडल शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बहेड़ी क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। रविवार को सपा के चुनाव प्रभारी संजीव कुमार सक्सेना, ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट और कंट्रोल रूम प्रभारी हैदर अली ने पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान पार्टी प्रत्याशी मोहम्मद दानिश अख्तर के समर्थन में अधिक से अधिक शिक्षकों से संपर्क करने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
बैठक के बाद सपा नेताओं ने बहेड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों और मदरसों का दौरा कर शिक्षकों से संपर्क किया। उन्होंने शिक्षक एमएलसी चुनाव के महत्व की जानकारी देते हुए पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
सपा चुनाव प्रभारी संजीव कुमार सक्सेना ने कहा कि शिक्षक समाज की आवाज को विधान परिषद में मजबूती से पहुंचाने के लिए दानिश अख्तर को समर्थन देना जरूरी है। शिक्षक समाज को अपने बीच के शिक्षक साथी को चुनकर सदन में भेजना चाहिए। ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिक्षकों के बीच के साथी को प्रत्याशी बनाया है। अब शिक्षक समाज की जिम्मेदारी है कि वह अपने साथी को अपनी आवाज बनाकर विधान परिषद भेजे।
कंट्रोल रूम प्रभारी हैदर अली ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाल करने, बायोमेट्रिक व्यवस्था के नाम पर शिक्षकों के उत्पीड़न को समाप्त करने, वित्तविहीन शिक्षकों को पांच हजार रुपये मानदेय देने और तीन लाख शिक्षकों की नियुक्ति का वादा किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक सपा प्रत्याशी मोहम्मद दानिश अख्तर को जिताने का मन बना चुके हैं।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख वफा उर रहमान ने बूथ प्रभारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि बहेड़ी से सपा प्रत्याशी मोहम्मद दानिश अख्तर जीत दर्ज करेंगे। बैठक का संचालन सपा नगर अध्यक्ष मोहम्मद नासिर रजा खां ने किया।
इस मौके पर सरदार इकबाल सिंह चीमा, चौधरी ब्रिजेंद्र सिंह, मोहम्मद कामिल, भजन लाल मौर्य, राजू मौर्य, राजकुमार गंगवार, राजेंद्र शर्मा, अयाज मलिक, गजेंद्र यादव, सरदार सर्वदयाल सिंह, सोवरन सिंह और छत्रपाल गंगवार सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।




