bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

गौशालाओं में बीमार पशुओं के लिए बनेगा अलग सिक वार्ड

 केयरटेकर का मानदेय 10 हजार

बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले की सभी गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नामित नोडल अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और पशुपालन विभाग के अधिकारियों से गौशालाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।
बैठक में गौशालाओं में विद्युत आपूर्ति, जलभराव, हरा चारा, पेयजल, संपर्क मार्ग और बाउंड्रीवाल की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से गौशालाओं की समस्याओं की जानकारी लेकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम ने प्रत्येक गौशाला में बीमार और अशक्त पशुओं के लिए अलग सिक वार्ड बनाने के निर्देश दिए। दुर्घटनाग्रस्त और घायल पशुओं को भी सुरक्षित रखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में गौशाला के डे शिफ्ट केयरटेकर का मानदेय बढ़ाकर 10 हजार रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया। अब तक डे शिफ्ट के केयरटेकर को आठ हजार रुपये और रात्रि शिफ्ट के केयरटेकर को 10 हजार रुपये मानदेय मिलता था।
जिलाधिकारी ने कहा कि गौ संरक्षण और गौ सेवा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौशालाओं में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और पशुओं की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button