डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत, तीन घायल
– शनिवार की देर रात बिजनौर से नुमाइश देखकर बाइक से किरतपुर लौट रहे थे चार दोस्त
– एनएच 34 पर गांव स्वाहेड़ी के पास हुआ हादसा
– बिना कार्रवाई के शव ले गए परिजन
– घायलों को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर
बिजनौर। बिजनौर से नुमाइश देखकर बाइक से किरतपुर लौट रहे चार दोस्तों की बाइक देर रात एनएच-34 पर ग्राम स्वाहेड़ी के पास डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बताया गया कि किरतपुर के मोहल्ला भुड्डी और काजीयान निवासी चार दोस्त सलमान (18) पुत्र वकील, फैसल (17) पुत्र राजू निवासीगण मोहल्ला भुड्डी, साहिल (18) पुत्र नजाकत कुरैशी और फराज (18) पुत्र सलीम निवासीगण मोहल्ला काजीयान शनिवार रात बिजनौर नुमाइश देखने गए थे। नुमाइश देखकर सभी बाइक से वापस किरतपुर लौट रहे थे। देर रात एनएच-34 पर ग्राम स्वाहेड़ी के पास उनकी बाइक डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में मोहल्ला भुड्डी निवासी सलमान (18) की मौके पर मौत हो गई। जबकि फैसल, साहिल और फराज गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि परिजन बिना किसी कार्रवाई के मृतक सलमान का शव अपने साथ घर ले गए। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं घायल युवकों के परिजन भी उनकी हालत को लेकर चिंतित हैं।




