सींचपाल और सींच पर्यवेक्षकों की मांगों को उठाया
सिंचाई संघ की बैठक में 21 अगस्त की पेंशन तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आह्वान
बिजनौर, संवाददाता। सिंचाई संघ की मासिक बैठक में सींचपाल और सींच पर्यवेक्षकों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को उठाया गया। बैठक में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा के प्रांतीय आह्वान पर 21 अगस्त को प्रस्तावित पेंशन तिरंगा यात्रा में शिक्षकों और कर्मचारियों से शामिल होने का आह्वान किया।
सिंचाई विभाग स्थित फील्ड हॉस्टल में सिंचाई संघ की मासिक बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन की मांग को लेकर संगठित होकर संघर्ष करने का समय है। सभी शिक्षक और कर्मचारी एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेंगे तो इसके सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। बैठक के बाद देशराज सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता विकास अग्रवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सींचपाल और सींच पर्यवेक्षकों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को उनके सामने रखा। अधिशासी अभियंता से समस्याओं के समाधान को लेकर वार्ता की गई।
जिलाध्यक्ष शूरवीर सिंह की अध्यक्षता और जिला उपसचिव अंकित चौधरी के संचालन में आयोजित बैठक में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला संरक्षक देशराज सिंह, अटेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पश्चिमी जोन प्रभारी चंद्रहास सिंह, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, जिला मंत्री क्रांति कुमार शर्मा, नीरज सिसौदिया, मुजफ्फर इस्लाम, देवेंद्र कुमार शर्मा, चंद्रपाल सिंह, कृष्ण कुमार, दिलीप सिंह, अभिनय राजपूत, गगन गुप्ता, राजकुमार, अंकित कुमार आदि मौजूद रहे।




