2027 की तैयारी: श्रीनगर में पीडीए सम्मेलन, बूथ मजबूत करने का मंत्र
लखीमपुर खीरी। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल मुख्य अतिथि रहे।
सम्मेलन में लखीमपुर खीरी से सपा के प्रदेश सचिव रेहान खान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। ब्लॉक, सेक्टर और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि चुनाव में बूथ कार्यकर्ता की भूमिका सबसे अहम है। गांव-गांव, बूथ-बूथ पहुंचकर संगठन को मजबूत करें और पार्टी की नीतियों व पीडीए के मुद्दों को जनता तक पहुंचाएं।
प्रदेश सचिव रेहान खान ने कहा कि पार्टी की असली ताकत कार्यकर्ता हैं। बूथ से ब्लॉक तक समन्वय बनाकर सक्रिय रहना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि नेतृत्व जिसे भी प्रत्याशी बनाए, सभी एकजुट होकर उसके लिए काम करेंगे। कार्यकर्ताओं से अभी से क्षेत्र में जुटने को कहा।
सम्मेलन को सांसद उत्कर्ष वर्मा, जिला अध्यक्ष, श्रीनगर के पूर्व विधायक सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। अंत में सभी ने 2027 में सपा सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने का संकल्प लिया।




