-शराब पीने और गाली-गलौज का विरोध करने पर रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
-हमले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बिजनौर, संवाददाता। शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झलरा में एक सैलून संचालक ने शराब पीने और गाली-गलौज का विरोध करने पर दुकान में घुसकर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। हमले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
शहर कोतवाली के ग्राम झलरा निवासी जहीर अहमद पुत्र अमीर शाह ने बताया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके घर के सामने गांव के गांव के कुछ युवक शराब और सुल्फा का सेवन कर रहे थे तथा गाली-गलौज कर रहे थे। जहीर का आरोप है कि उन्होंने इसका विरोध करते हुए सभी को वहां से जाने के लिए कहा, जिससे आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे।
आरोप है कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे कुछ युवक उनकी सैलून की दुकान, जो गांव के मदरसे के पास स्थित है, पर पहुंचे। आरोप है कि आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और शराब पीने से रोकने की बात कहते हुए लोहे की रॉड और बेल्ट से हमला कर दिया। इस मारपीट में जहीर अहमद को कई चोटें आईं।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने जहीर और उनके दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
पीड़ित ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



