मांझे पर कार्रवाई का शोर, किला रोड पर फिर बहा खून
किला रोड पर चाइनीज मांझे की चपेट में आया बाइक सवार, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
बरेली। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद मांझा राहगीरों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। शनिवार को किला रोड स्थित सिटी श्मशान भूमि के पास चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की गर्दन में गहरा कट लग गया। खून बहने से युवक सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीबीगंज थाना क्षेत्र के तिलियापुर निवासी अनीस कुरैशी शनिवार दोपहर बाइक से घर लौट रहे थे। सहगल होटल के पास अचानक चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। मांझे की धार से गर्दन में गहरा घाव हो गया और वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने किसी तरह उन्हें उठाकर अस्पताल पहुंचाया।
कार्रवाई के बीच सवालों के घेरे में व्यवस्था
बरेली में पिछले तीन-चार महीनों में चाइनीज मांझे से कई लोग घायल हो चुके हैं। हाल के दिनों में पुलिस ने अभियान चलाकर बड़ी संख्या में मांझे की चरखियां बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इसके बावजूद बाजार और सड़कों पर खतरनाक मांझे की उपलब्धता पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
लगातार हो रहे हादसे पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। आखिर प्रतिबंधित मांझा शहर में पहुंच कैसे रहा है और इसकी बिक्री करने वालों पर स्थायी रोक कब लगेगी?




