वॉक फॉर यूनिटी रैली में गूंजा देशभक्ति का संदेश
तीन हजार बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर भरी हुंकार
बरेली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष अभियान ‘मां तुझे प्रणाम’ के तहत बुधवार को शहर में ‘वॉक फॉर यूनिटी’ रैली निकाली गई। रैली में करीब तीन हजार स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति, एकता और अखंडता का संदेश दिया। पूरे मार्ग पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
रैली का शुभारंभ डीडीपुरम शहीद चौक से हुआ। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, वन मंत्री अरूण कुमार और मंडलायुक्त शंभू कुमार ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इसके बाद रैली शील चौराहा, बांके बिहारी मंदिर और सलोनी तिराहा स्थित वंदना स्वीट्स मार्ग से होते हुए वापस शहीद चौक पहुंचकर संपन्न हुई।
उमस भरी गर्मी और तेज धूप के बावजूद बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राएं देशभक्ति के गीतों और नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। यात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारी, उद्योगपति तथा सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
रैली के दौरान शहर के कई स्थानों पर समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों ने प्रतिभागियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और देशप्रेम का संदेश दिया गया।




