₹1.01 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश
गिरोह का एक और शातिर गिरफ्तार, ₹23 लाख की रकम कराई फ्रीज


मुज़फ्फ़रनगर(अदनान अख़्तर)I जनपद मुज़फ्फ़रनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक (अपराध) इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध सुभाष चन्द्र तथा प्रभारी निरीक्षक थाना साइबर क्राइम कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम टीम ने करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी का खुलासा करते हुए एक और शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ऑनलाइन निवेश में भारी मुनाफे का लालच देकर ₹1,01,02,000 की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य शहनवाज उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ठगी गई रकम में से ₹23 लाख फ्रीज कराकर पीड़ित को वापस दिलाने की कार्यवाही भी शुरू कर दी है। पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित को फेसबुक पर “गीतिका कपूर उर्फ जीजी” के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई। विश्वास जीतने के बाद उसे DGXC नाम की फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट पर निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। वेबसाइट पर करोड़ों रुपये का फर्जी मुनाफा दिखाकर पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में ₹1.01 करोड़ जमा करा लिए गए। जब निकासी का समय आया तो “फाइनल वेरिफिकेशन”, “डेटा रिपेयरिंग” और “एंटी मनी लॉन्ड्रिंग” के नाम पर और पैसे मांगे जाने लगे, जिसके बाद साइबर ठगी का खुलासा हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी शहनवाज ने स्वीकार किया कि उसने कमीशन के लालच में अपने साले और अन्य लोगों के बैंक खातों की जानकारी गिरोह को उपलब्ध कराई, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम मंगाने के लिए किया गया। इस मामले में अब तक अब्दुल कादिर, मोहम्मद आकिब अली, निखिल त्रिपाठी, बलवंत जायसवाल, मोहित कुमार सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि हरीश जैन और विवेक बंजारा को बी-वारंट पर तलब किया गया है। यह बड़ी कार्यवाही उत्तर प्रदेश में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम टीम ने इस सफलता को अंजाम दिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह, हेड कांस्टेबल 387 आकाश चौधरी, कांस्टेबल 143 गजेन्द्र सिंह, आदि मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और इस साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

