बच्चों को सिखाया सुरक्षा का पाठ, गलत व्यवहार पर आवाज उठाने की दी सीख
एसीजेएम सुब्रत पाठक ने पॉक्सो एक्ट और बाल अधिकारों की दी जानकारी, जय नारायण स्कूल में लगा विधिक जागरूकता शिविर
बरेली। बच्चों को सुरक्षित माहौल देने के लिए उन्हें बचपन से ही अच्छे और गलत व्यवहार के बीच अंतर समझाना जरूरी है। किसी भी तरह की असहज स्थिति होने पर चुप रहने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। इसी संदेश के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से गुरुवार को जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एसीजेएम सुब्रत पाठक ने विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट और बच्चों के कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी के व्यवहार से असहज महसूस हो तो उसे नजरअंदाज न करें और न ही चुप रहें। अपनी परेशानी माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद बड़े व्यक्ति को तुरंत बताएं।
उन्होंने बच्चों को अनजान लोगों से सतर्क रहने और किसी भी खतरे की स्थिति में मदद लेने के तरीके भी समझाए। साथ ही बाल कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं और बच्चों को मिलने वाले कानूनी संरक्षण की जानकारी दी।
कार्यक्रम में एलएडीसी भगवत शरण, पैरा लीगल वालंटियर प्रतिपाल सिंह, विद्यालय प्रबंधक अनिल कुमार गर्ग और प्रधानाचार्य तपेंद्र कटारा सहित शिक्षक मौजूद रहे।




