ड्यूटी के फर्ज के बीच करवा चौथ का व्रत
वर्दी के साथ परंपरा निभाकर दिखाई विल पॉवर
अल्मोड़ा। वर्दी का फर्ज निभाना हो या परिवार की परंपराओं को सहेजना, महिला पुलिसकर्मी दोनों जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही हैं। करवा चौथ पर महिला कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मियों ने दिनभर ड्यूटी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और इसके बाद घर पहुंचकर व्रत की रस्में पूरी कीं। करवा चौथ पर सुहाग की लंबी उम्र की कामना के लिए महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा। ऐसे में महिला पुलिसकर्मियों के सामने ड्यूटी के साथ व्रत निभाने की चुनौती भी रही। उन्होंने दिनभर अपने कर्तव्य को प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी निभाई। शाम को ड्यूटी पूरी होने के बाद घर पहुंचकर चांद के दीदार और पूजा-अर्चना के साथ व्रत खोला। महिला पुलिसकर्मियों का कहना था कि वर्दी पहनने के बाद जनता की सुरक्षा उनकी पहली जिम्मेदारी है। त्योहार पर भी ड्यूटी से पीछे नहीं हट सकतीं। वहीं, परिवार और परंपराओं का अपना महत्व है। ऐसे में कर्तव्य निभाने के साथ करवा चौथ का व्रत पूरा करना उनके लिए खास अनुभव रहा। उनकी यह दिनचर्या बताती है कि जिम्मेदारी और आस्था के बीच संतुलन बनाकर भी त्योहार की खुशियां मनाई जा सकती हैं।




