uttrakhandराष्ट्रीयहल्द्वानी

जिला स्तर पर शुरू हुई 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियां

उत्तराखंड में 300 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारियों के बदलेंगे जिले

हल्द्वानी। विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर हलचल तेज हो गई है। निर्वाचन को लेकर अधिकारी जिला स्तर पर तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं, गृह जनपद या जिले में तीन वर्ष से तैनात अधिकारियों को हटाया जाएगा। इसे लेकर चुनाव आयोग ने आदेश जारी कर दिए हैं। विस चुनाव से पहले होने वाली प्रशासनिक फेरबदल को लेकर विभागों ने सूची बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। प्रक्रिया में कुमाऊं मंडल से 300 से अधिक अधिकारी और कर्मियों को अन्य जिलों में स्थानांतरित करने की संभावना है। निर्वाचन आयोग के निदेर्शों पर होने वाली कार्रवाई के अंतर्गत नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा, नैनीताल जिले के एसपी क्राइम डा. जगदीश चंद्रा और एसडीएम लालकुआं रेखा कोहली का स्थानांतरण होना तय माना जा रहा है। परिवहन विभाग में कुमाऊं संभाग से एक सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) के तबादले की संभावना है। करीब 29 परिवहन कर अधिकारी और उप निरीक्षक भी लंबे समय से एक ही जिले में जमे हुए हैं। एक परिवहन उप निरीक्षक तो 15 वर्ष से चंपावत जिले से बाहर गए ही नहीं हैं। आयोग ने उपनिरीक्षक (एसआइ) स्तर तक के कर्मियों को तीन वर्ष से अधिक की सेवा एक ही जिले में होने पर हटाने के आदेश दिए हैं। ऐसे में पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर दारोगाओं के जिले बदले जाएंगे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 250 से अधिक दारोगा ऐसे हैं जिन्हें एक ही जिले में तीन वर्ष से अधिक हो गए हैं। वहीं, 25 कोतवालों को भी इधर से उधर भेजने का अनुमान है। इसमें 10 कोतवाल सिर्फ ऊधमसिंह नगर और चार को नैनीताल जिले से हटाया जाएगा। साथ ही आगामी चुनाव को देखते हुए आबकारी विभाग में 13 आबकारी निरीक्षक और अल्मोड़ा के जिला आबकारी अधिकारी का भी ट्रांसफर हो सकता है। हालांकि, अभी जिला स्तर पर सूची बनाने की बात सामने आ रही है। इसके बाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। माना जा रहा है कि आयोग के निदेर्शों के क्रम में नवंबर में स्थानांतरण की प्रक्रिया की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button