कांवड़ यात्रा: पुलिस-प्रशासन अलर्ट
ट्रांसपोर्टरों और रोडवेज अधिकारियों को निर्देश
यातायात व्यवस्था और डायवर्जन प्लान पर हुई चर्चा
बिजनौर, संवाददाता। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पर प्रशासनिक अधिकारियों कीशनिवार को पुलिस लाइन सभागार में ट्रांसपोर्टरों और रोडवेज अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई।
शनिवार को पुलिस लाइन के सभागार में एएसपी सिटी डा कृष्ण गोपाल सिंह व एसडीएम सदर स्मृति मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान लागू होने वाली डायवर्जन व्यवस्था, भारी वाहनों के संचालन, रोडवेज बसों के संचालन और वैकल्पिक मार्गों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
अधिकारियों ने ट्रांसपोर्टरों से शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और पुलिस-प्रशासन का पूरा सहयोग करने की अपील की। साथ ही कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समय-समय पर जारी होने वाले निर्देशों का पालन करना सभी के हित में होगा। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी संबंधित विभाग लगातार समन्वय बनाकर कार्य करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
बैठक में एआरटीओ महेश कुमार शर्मा सहित काफी संख्या में ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे



