बरेली। बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक किशोरी की आत्महत्या के मामले में नामजद आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर कथित रूप से पत्रकारों और मीडिया संस्थानों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने से पत्रकारों में आक्रोश फैल गया। सोमवार को ऑल इंडिया प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन (ऐपजा) के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि किशोरी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बजरंग दल के महानगर गौरक्षा प्रमुख निर्दोष राठौर सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी फरार है। साथ ही उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पत्रकारों, समाचार पत्रों और मीडिया संस्थानों के प्रति कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां और धमकी दी, जिससे पत्रकारों में रोष व्याप्त है।
पत्रकारों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने, उसे जिला बदर करने तथा कानून के अनुरूप कठोर कदम उठाने की मांग की। उनका कहना था कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाना और मीडिया कर्मियों को धमकाना गंभीर अपराध है।
ऐपजा के जिलाध्यक्ष अरविंदर सिंह (मिक्की) के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मामले को पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में भेजते हुए नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान परवीन शर्मा, राहुल सक्सेना, मुकेश, अशोक गुप्ता, अजय प्रताप, राहुल गुप्ता, संयोग सिंह, छत्रपाल, कलीम, रजनीश, हसीन दानिश, पवन त्रिपाठी, दुष्यंत कुमार, प्रदीप सक्सेना सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।



