सम्मानः शौर्य सम्मान मैडल से नवाजे गए डा. कृष्ण गोपाल सिंह
पाकिस्तानी गैंगस्टर के सिंडिकेट का पर्दाफाश करने पर एएसपी सिटी को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में एडीजी लॉ एंड आर्डर अमिताभ यश ने किया सम्मानित
बिजनौर, संवाददाता। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर भारत में अव्यवस्था फैलाने की साजिश रच रहे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने वाली बिजनौर पुलिस की कार्रवाई को शासन स्तर पर सराहा गया है। कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एएसपी सिटी डा. कृष्ण गोपाल सिंह को शौर्य सम्मान मैडल से सम्मानित किया गया।
सोमवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने एएसपी सिटी डा. कृष्ण गोपाल सिंह को मैडल प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी।
बताया गया कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर भारत में अव्यवस्था फैलाने की साजिश रच रहे एक सिंडिकेट के खिलाफ बिजनौर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की थी। पुलिस की जांच और कार्रवाई में सिंडिकेट से जुड़े लोगों की गतिविधियों का खुलासा हुआ था। इस पूरे मामले में पुलिस टीम ने साजिश को नाकाम करते हुए सिंडिकेट को ध्वस्त किया।
एएसपी सिटी डा. कृष्ण गोपाल सिंह को इसी साहसिक और उल्लेखनीय पुलिस कार्रवाई के लिए शौर्य सम्मान मैडल प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में पुलिस की प्रभावी कार्रवाई और टीम के योगदान की सराहना की गई।




