प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
तलवार व पिस्टल बरामद, आरोपी फरार
गाजियाबाद। लोनी बार्डर थाना क्षेत्र की संगम विहार कॉलोनी में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर सोमवार सुबह हुई 25 राउंड फायरिंग से हड़कंप मच गया। इस दौरान दो लोग गोली लगने से घायल हो गए जिन्हे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पुलिस ने मौके से छह खोखे, दो कारतूस, एक पिस्टल, एक तलवार बरामद की हैं और पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। संगम विहार कॉलोनी में करीब पांच सौ वर्ग गज का एक प्लॉट है, जिस पर काफी समय से विवाद चल रहा है। सुबह करीब 10 बजे एक पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ 25 राउंड फायरिंग की गई। इस दौरान दूसरे पक्ष के दो लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचे से पहले आरोपित मौके से फरार हो गए। फायरिंग के दौरान गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों के पैर में गोली लगी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से छह खोखे, दो कारतूस, एक पिस्टल, एक तलवार बरामद किए हैं। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि संजय धामा और गजेंद्र के बीच प्लाट का विवाद है। प्रारंभिक जांच में गजेंद्र पक्ष की ओर से फायरिंग किए जाने की जानकारी मिली है। संदीप के पैर में गोली गई है। मामले की जांच की जा रही है जिसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।




