खाद्य सुरक्षा विभाग ने सप्लीमेंट शॉप पर मारा छापा
27.44 लाख की 3121 किलो सामग्री बरामद
गाजियाबाद। मोदीनगर खाद्य सुरक्षा विभाग ने फूड सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल्स बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर अभियान चलाया। इस कार्रवाई में विभाग की टीम ने छह नमूने लिए। कम गुणवत्ता की आशंका और उत्पादों पर भ्रामक दावे के आधार पर करीब 3121 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई। जब्त की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 27.44 लाख रुपये बताई गई है। जिले में फूड सप्लीमेंट बनाने और बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीमें अलग-अलग इलाकों में प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं। इसी कड़ी में विभाग ने रविवार रात को मोदीनगर समेत अन्य क्षेत्रों के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की।
जिला अभिहित अधिकारी सुरेश मिश्रा ने बताया कि विभाग की टीम ने मोदीनगर के मोदी स्टील कंपाउंड स्थित जीएस फार्मब्यूटर के खाद्य प्रतिष्ठान पर छापा मारा। जांच के दौरान मैक्सविडा न्यूट्रास्यूटिकल्स (पैकेज्ड) उत्पाद की गुणवत्ता पर आशंका और दावे को भ्रामक मानते हुए टीम ने कुल 7794 यूनिट जब्त कीं। प्रत्येक यूनिट 400 ग्राम की थी, इस तरह कुल 3117 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 27 लाख 24 हजार 258 रुपये है। अधिकारी ने बताया कि सामग्री जब्त करने का कारण उत्पाद पर किया गया भ्रामक दावा था। साथ ही उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर भी आशंका के चलते नमूने लिए गए हैं। इसके अलावा, टीम ने लोहियानगर स्थित गेट इनहेंस्ड प्राइवेट लिमिटेड का भी निरीक्षण किया। यहां से एक नमूना लेने के साथ करीब 20 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। वहीं, इंडस्ट्रियल एरिया, साहिबाबाद स्थित ओनीया लाइफ साइंसेज प्राइवेट लिमिटेड से मैग्नीशियम ग्लाइसीनेट के दो नमूने लिए गए।जिला अभिहित अधिकारी ने बताया कि सप्लीमेंट्स पर जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रतिष्ठानों से जांच कर नमूने लिए जा रहे हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूना फेल पाया जाता है, तो संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।




