पुलिस लाइन्स में स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर
181 पुलिसकर्मियों और परिजनों ने उठाया लाभ
बिजनौर। वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स, बिजनौर में स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन वामा सारथी बिजनौर की अध्यक्ष एवं एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देशन में किया गया।
रविवार को शिविर में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को चिकित्सा परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। वर्षा ऋतु में फैलने वाले सामान्य रोगों और संक्रमणों से बचाव के उपाय बताए गए। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारों के कुल 181 सदस्यों ने शिविर का लाभ उठाया।
आयुष विभाग की ओर से डॉ. विवेक कुमार यादव तथा फार्मासिस्ट विकास कुमार एवं राम सिंह ने होम्योपैथिक पद्धति से मरीजों की जांच कर दवाएं दीं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदक की चिकित्साधिकारी डॉ. निधि सिंह, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता सिंह एवं फार्मासिस्ट अमित कुमार ने ऐलोपैथिक दवाइयां वितरित कीं। उन्होंने मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।
आयुर्वेदिक चिकित्सालय की ओर से डॉ. रश्मि भास्कर ने अपनी टीम के सहकर्मी उमाशंकर एवं प्रिंस कुमार के साथ आयुर्वेदिक उपचार के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय बताए और निःशुल्क दवाइयां प्रदान कीं।
इस अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स के प्रतिसार निरीक्षक देवेन्द्र सिंह सिकरवार, उपनिरीक्षक मुसव्विर अली, वामा सारथी की सदस्य महिला मुख्य आरक्षी रूबी राठी सहित सभी वामा वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे।




