100 करोड़ के जीएसटी फर्जीवाड़े का खुलासा
नेपाल से नेटवर्क चला रहा था आरोपी फरजान गिरफ्तार
बरेली। बरेली में जीएसटी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) और कैंट थाना पुलिस ने 100 करोड़ रुपये से अधिक के जीएसटी फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। मामले में बरेली निवासी फरजान हाशमी को गिरफ्तार किया गया है, जो पिछले दो वर्षों से नेपाल में “संदीप” नाम से रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरोह फर्जी फर्मों के माध्यम से बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का दावा कर सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचा रहा था। जांच में सामने आया है कि विभिन्न बैंक खातों के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन किया गया। इस नेटवर्क की कड़ियां बरेली, दिल्ली और नेपाल तक फैली हुई हैं।
पूछताछ में फरजान ने सागर अग्रवाल को गिरोह का मुख्य सरगना बताया है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने फर्जी आधार और पैन कार्ड के जरिए दर्जनों फर्में बनाईं और बिना वास्तविक खरीद-बिक्री के फर्जी बिल जारी कर जीएसटी धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
फरजान ने यह भी बताया कि विनीत अरोड़ा ने उसे 50 हजार रुपये देकर एफएस ट्रेडर्स के नाम से फर्जी फर्म खुलवाई थी, जिसका इस्तेमाल फर्जी इनवॉइस तैयार करने में किया जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की वित्तीय गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।




